बीकानेर.राज्य की स्कूली शिक्षा में शुक्रवार को सैकंड ग्रेड पदों पर दो विषयों के 4154 अभ्यर्थियों को नियुक्तियां दे दी गईं। उपनिदेशकों ने जयपुर के शिक्षा संकुल में ही नियुक्ति के आदेश भी जारी किए। सूचियां विभाग की वेबसाइट पर डाल दी गई हैं। जयपुर में सूची चस्पा होने के बाद शिक्षा संकुल पर अभ्यर्थियों की भीड़ रही।
माध्यमिक शिक्षा में सैकंड ग्रेड शिक्षक पदों पर सामाजिक के 2027 और गणित के 2127 अभ्यर्थियों को नियुक्तियां दी गई हैं, जिनको 23 जनवरी तक कार्य ग्रहण करना होगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. वीना प्रधान ने बताया कि दोनों विषयों के सैकंड ग्रेड शिक्षकों की सूचियां विभाग की वेबसाइट पर हैं। मंडल मुख्यालयों पर भी सूचियां चस्पा करने के निर्देश उप निदेशकों को दिए गए हैं।
हिंदी 2118, अंग्रेजी 2206 व विज्ञान विषयों के 2221 रिक्त पदों पर पहले ही नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। सैकंड ग्रेड शिक्षकों के पदों पर 10699 अभ्यर्थियों को नियुक्तियां दी गई हैं। इन्हें नव क्रमोन्नत माध्यमिक स्कूलों में लगाया गया है। इन नियुक्तियों से माध्यमिक स्कूलों में विषय अध्यापकों की कमी दूर होगी।
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने 27 दिसंबर,12 को इन दोनों विषयों के अभ्यर्थियों के फार्म निदेशालय भेजे थे। कोर्ट के आदेश के कारण विभाग को तीसरी बार मेरिट तैयार करनी पड़ी। शिक्षा संकुल में 31 दिसंबर से नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू की गई थी। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय के संयुक्त निदेशक कार्मिक शिवजीराम और उप निदेशक विजयशंकर आचार्य का दल चार दिन से सूचियां तैयार करने में जुटा हुआ था। उपनिदेशकों को भी वहीं पर बुलाकर नियुक्ति आदेश जारी करवाए गए हैं।
कहां कितने शिक्षक
मंडल विषय(विज्ञान अंग्रेजी हिंदी सामाजिक गणित)
बीकानेर 418 454 408 495 440
जयपुर 440 473 427 562 424
जोधपुर 359 380 384 269 350
कोटा 238 152 142 104 221
भरतपुर 226 216 229 167 250
अजमेर 327 310 322 284 297
No comments:
Post a Comment
thanks for your valuable comment