द्वितीय अन्तर्राष्ट्रीय समभाव ओलम्पियाड की परीक्षा

विषयः द्वितीय अन्तर्राष्ट्रीय समभाव ओलम्पियाड की परीक्षा कराने के संबंध में
 विषयः द्वितीय अन्तर्राष्ट्रीय समभाव ओलम्पियाड - मानवता, सदाचार व नैतिक मूल्यों में उत्कृष्टता हेतु परीक्षा के आयोजन के संबंध में।
प्रिय महोदय / महोदया,
आपको यह जानकर हर्ष होगा कि सतयुग दर्शन ट्रस्ट (रजि.) द्वारा अपने प्रथम प्रयास के रूप में अपने प्रकार के अनूठे प्रथम अंतर्राष्ट्रीय समभाव ओलम्पियाड-2015 का सफल आयोजन किया गया। इस ओलम्पियाड के अंतर्गत मानवता,सदाचार व नैतिक मूल्यों पर आधारित एक परीक्षा के द्वारा छात्रों को समानता का भाव अपना कर अच्छा मानव बनने के लिए प्रेरित किया गया ताकि सभी छात्र आत्मनिरीक्षण द्वारा इसके प्रति अपनी नैतिक अवस्था के स्तर का सही आकलन कर मानव होने की गरिमा में बने रह सकें। इस प्रकार वे संपूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए आत्मनियंत्रण द्वारा सच्चरित्र निर्माण की आवश्यकता को समझते हुए अच्छे व नेक इंसान बन सकें।
अंतर्राष्ट्रीय समभाव ओलम्पियाड के आयोजन के माध्यम से हमें मानवता, सदाचार व नैतिक मूल्यों की उपयोगिता को अपने प्रथम वर्ष में ही 5 लाख से भी अधिक बच्चों तक पहुंचाने का अवसर मिला। सतयुग दर्शन ट्रस्ट द्वारा आयोजित अपने प्रकार के प्रथम व अनूठे अंतर्राष्ट्रीय समभाव ओलम्पियाड में भारत के 22 राज्यों, एक केन्द्र शासित प्रदेश व सल्तनत ऑफ ओमान के एक अन्तर्राष्ट्रीय स्कूल सहित 1877 विद्यालयों के 5लाख 23 हजार से अधिक बच्चों ने भाग लिया। यह ओलम्पियाड मानवता, सदाचार व नैतिक मूल्यों में उत्कृष्टता हेतु परीक्षा थी। इस ओलम्पियाड की परीक्षाएं स्कूलों में ही 17 से 25 अगस्त 2015 के बीच करायी गयीं। ओलम्पियाड में स्कूलों की परीक्षाओं में गीता विद्या निकेतन आवासीय विद्यालय, कुरुक्षेत्र, हरियाणा की कक्षा 10 की छात्रा कु. कशिश ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर पुरस्कार में एक लैपटॉप जीता। मेरिट पोजीशन वाले छात्रों को 7 सितंबर 2015 को विश्व समभाव दिवस के अवसर पर ट्रस्ट प्रांगण के सभागार में राज्य सभा सदस्य डा. कर्ण सिंह द्वारा पुरस्कृत किया गया। अपने प्रथम प्रयास में प्राप्त प्रतिक्रिया के आधार पर सतयुग दर्शन ट्रस्ट ने इस परीक्षा को इस वर्ष 2016 में भी कराने का निर्णय लिया है।

आपको जानकार यह प्रसन्नता होगी कि विगत वर्ष की भान्ति इस वर्ष भी हरियाणा शिक्षा निदेशालय द्वारा भी उपरोक्त परीक्षा को प्रदेश के सभी विद्यालयों में आयोजित करने हेतु सभी ज़िला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किया गया है|कृपया संलग्न देखें|
हम आपसे यह परीक्षा अपने जिले के सभी स्कूलों में कराने के लिए अपने अधीनस्थ सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित करने का विनम्र निवेदन करते हैं। ताकि इस परीक्षा को  दिनाँक 11 से 23जुलाई 2016 के मध्य हरियाणा शिक्षा निदेशालय द्वारा निर्धारित तिथि को कराया जा सके। परीक्षा का माध्यम अंग्रेजी या हिन्दी चयन किया जा सकता है। इस परीक्षा को कक्षा 9th से 12th में शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए किसी शैक्षणिक बोर्ड, लिंग, धर्म, जाति व स्थान आदि के भेद-भाव के बिना आयोजित किया जा रहा है। इस परीक्षा के लिए बच्चों व स्कूलों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस सम्बन्ध में और अधिक जानकरी हेतु कृपया निम्नलिखित संलग्न सामग्री देखेंः-
1. प्रधानाचार्य के नाम पत्र
2.  सूचना विवरणी - अन्तर्राष्ट्रीय समभाव ओलम्पियाड-2016
3.  स्कूल रजिस्ट्रेशन फार्म-2016
4.  कार्य सम्पादन रिपोर्ट - अन्तर्राष्ट्रीय समभाव ओलम्पियाड-2015
5.  नमूना प्रश्न पत्र-2015
6.  सूचना विवरणी - सतयुग दर्शन ट्रस्ट
7. हरियाणा शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी पत्र
द्वितीय अंतर्राष्ट्रीय समभाव ओलम्पियाड-2016 में भाग लेने के लिए विद्यालय संलग्न स्कूल रजिस्ट्रेशन फार्म भर इसे डाक द्वारा हमारे पते पर भेज दें या इस फार्म को स्कैन करके ईमेल द्वाराinfo@equanimityolympiad.in पर भी भेजा जा सकता है। इसके अतिरिक्त स्कूल रजिस्ट्रेशन फार्म हमारी वेबसाइटwww.equanimityolympiad.in पर भी ऑनलाइन भरा जा सकता है। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 10 मई है| विद्यालय का रजिस्ट्रेशन प्राप्त होने के बाद हम विद्यालय की छात्र संख्या अनुसार प्रश्न – पत्र के पैकेट को डाक, कूरियर या अपने प्रतिनिधि के माध्यम से आपके विद्यालय भेज देंगे| विद्यालय को नियत तिथिओं में परीक्षा आयोजित करने के बाद केवल OMR उत्तर-पुस्तिकाओं का पैकेट हमें भिजवाने की व्यवस्था करें| इसके उपरांत परिणाम, प्रणाम – पत्र एवं प्राप्त पुरस्कारों के विषय में आपको उचित समय पर सूचित किया जाएगा| इस प्रकार, इस परीक्षा के आयोजन में छात्रों या विद्यालय से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा| विस्तृत जानकारी के लिए आप से निवेदन है कि कृपया संलग्न सामग्री का कृपया अवलोकन करें। यदि किसी अतिरिक्त स्पष्टीकरण या सूचना की आवश्यकता हो तो हमें निःसंकोच लिखें या सम्पर्क करें।
हम आपके द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय समभाव ओलम्पियाड को अपने जिले के स्कूलों में कराने व इसमें सक्रिय सहयोग लेने के प्रति कृतज्ञ होंगे। यह छात्रों को मानवीय चरित्र निर्माण व तद्नुसार सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास करने तथा मानव समाज के उद्धार के प्रति प्रोत्साहित करने हेतु हम दोनों संस्थाओं के संयुक्त प्रयास को भी प्रदर्शित करेगा।
धन्यवाद एवं सद्भावनाओं सहित!
भवदीय,
कैलाश ढींगरा
ट्रस्टी एवं ओलम्पियाड कोआर्डीनेटर
अंतर्राष्ट्रीय समभाव ओलम्पियाड
सतयुग दर्शन ट्रस्ट (रजि.),
वसुंधरा, भूपानी-लालपुर रोड,
ग्रेटर फरीदाबाद, फरीदाबाद - 121002 हरियाणा(भारत)
फ़ोन : 9910862833, 9034001030, 91-129-2345409

  

No comments:

Post a Comment

thanks for your valuable comment

See Also

Education News Haryana topic wise detail.